जशपुर धान खरीदी घोटाला: 6.55 करोड़ की अनियमितता का मास्टरमाइंड जयप्रकाश साहू गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सामने आए बहुचर्चित धान खरीदी घोटाले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 6 करोड़ 55 लाख रुपये की आर्थिक अनियमितता के मास्टरमाइंड और फरार आरोपी समिति प्रबंधक जयप्रकाश साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।


 कैसे हुआ करोड़ों का घोटाला

यह मामला खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि धान उपार्जन केंद्र कोनपारा में रिकॉर्ड के अनुसार 1,61,250 क्विंटल धान की खरीदी दिखाई गई, जबकि वास्तव में मिलों और संग्रहण केंद्रों तक केवल 1,40,663.12 क्विंटल धान ही पहुंचा।

इस तरह 20,586.88 क्विंटल धान की गंभीर कमी पाई गई।

 शासन को कितनी हुई क्षति

धान की कीमत (₹3100 प्रति क्विंटल): ₹6,38,19,328

बारदाना (4,898 नग): ₹17,07,651

कुल आर्थिक नुकसान: ₹6,55,26,979

 अपेक्स बैंक की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ केस

छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) के नोडल अधिकारी रामकुमार यादव की रिपोर्ट पर थाना तुमला में अपराध दर्ज किया गया।

आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 320, 336, 338 एवं 61 के तहत मामला पंजीबद्ध है।

 ऐसे पकड़ा गया आरोपी

एफआईआर दर्ज होते ही जयप्रकाश साहू दमोह (मध्यप्रदेश) फरार हो गया। पुलिस का दबाव बढ़ने पर वह कुसमुंडा (कोरबा) पहुंचा और पहचान छिपाने के लिए लगातार फर्जी सिम बदल-बदल कर संपर्क करता रहा।


एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम और साइबर यूनिट ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लोकेशन ट्रेस कर उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।


 अन्य आरोपियों की तलाश जारी

इस मामले में


एक आरोपी को 6 जनवरी 2026 को पहले ही जेल भेजा जा चुका है


जयप्रकाश साहू की गिरफ्तारी के बाद भी चार आरोपी अब तक फरार हैं


पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।


 पुलिस का बयान

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि धान खरीदी केंद्र कोनपारा में हुई 6.55 करोड़ रुपये की अनियमितता के मामले में दूसरे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और आगे और खुलासे संभव हैं।



Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *