आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: टायर फटने से प्राइवेट बस कंटेनर से टकराई, आग लगने से तीन की मौत

अल्लागड्डा (आंध्र प्रदेश): आंध्र प्रदेश के नंद्याल जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शिरीवेल्ला मंडल के शिरीवेल्लामेट्टा इलाके में एक प्राइवेट ट्रैवल बस का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कंटेनर लॉरी से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।


कैसे हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, नेल्लोर से 36 यात्रियों को लेकर हैदराबाद जा रही एआरबीसीवीआर प्राइवेट बस रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार में चल रही थी। इसी दौरान अचानक बस का एक टायर फट गया, जिससे चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा।

बस रोड डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही कंटेनर लॉरी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही पलों में बस में आग लग गई।


डीसीएम चालक ने दिखाई बहादुरी

आग लगते ही बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक डीसीएम वाहन चालक ने हादसा देखा और तुरंत अपनी गाड़ी रोककर मदद के लिए दौड़ा। उसने हिम्मत दिखाते हुए बस की खिड़कियां तोड़ीं, जिससे यात्री बाहर कूदकर अपनी जान बचा सके।

खिड़कियों से बाहर निकलने के दौरान 10 से अधिक यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए नंद्याल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह रही कि जलती हुई बस के अंदर कोई यात्री फंसा नहीं रहा।


तीन लोगों की मौत, पहचान मुश्किल

हादसे में बस चालक, कंटेनर लॉरी चालक और क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि तीनों के शव बुरी तरह जल गए, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। आग की चपेट में आने से कंटेनर लॉरी भी जल गई और यात्रियों का सारा सामान राख हो गया।


पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग बुझाने के लिए फायर टेंडर बुलाए गए और हाईवे पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि टायर फटना ही हादसे का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। साथ ही ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों से वाहनों की नियमित जांच और उचित मेंटेनेंस करने की अपील की गई है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *