ओडिशा पशु बाजार ले जा रहे थे गौवंश, सिहावा पुलिस ने 6 तस्करों को पकड़ा

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सिहावा क्षेत्र में गौ तस्करी का मामला सामने आया है। गौ सेवकों की सूचना और पुलिस की तत्परता से की गई कार्रवाई में सिहावा पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो 16 नग गौवंश को क्रूरतापूर्वक ओडिशा के पशु बाजार में बेचने ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 गाय, 4 बछड़े और 2 बछिया को सुरक्षित बरामद किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शैलेंद्र पांडेय ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि थाना सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग गौवंश की अवैध तस्करी कर उन्हें ओडिशा ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां 6 व्यक्ति गौवंश को रस्सियों से बांधकर, बिना दाना-पानी के, डंडों से मारते हुए जबरन हांकते पाए गए।

पुलिस द्वारा रोके जाने पर आरोपियों से गौवंश के परिवहन और खरीदी-बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि मवेशियों को रायघर (ओडिशा) स्थित पशु बाजार में बेचने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी सुकनाथ सतनामी के पास से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका उपयोग गौवंश की तस्करी में किया जा रहा था। थाना सिहावा में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में उष्तम मधुमंखी (23 वर्ष), सुकनाथ चतुर्वेदी (30 वर्ष) और सुरज बघेल (20 वर्ष) निवासी नवरंगपुर, ओडिशा शामिल हैं। वहीं लोकेश्वर सोनबेर (23 वर्ष), विजय सेवई (30 वर्ष) और कृष्णा सेवई (54 वर्ष) छिपलीपारा, थाना नगरी, जिला धमतरी के निवासी बताए गए हैं। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है और गौवंश को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *