उत्तर भारत में मौसम का कहर: दिल्ली-NCR में तेज हवाएं, जम्मू-कश्मीर से मनाली तक भारी बर्फबारी, कई उड़ानें रद्द

डोडा (जम्मू-कश्मीर):
लगभग तीन महीने के लंबे सूखे के बाद आखिरकार जम्मू-कश्मीर में मौसम ने करवट ली है। शुक्रवार आधी रात से डोडा जिले के भलेसा क्षेत्र सहित आसपास के मैदानी और ऊपरी इलाकों में जोरदार बर्फबारी शुरू हो गई। ताजा बर्फबारी के चलते पूरे इलाके में बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है।

इसके अलावा बारामूला, बडगाम और रामबन जिले के प्रसिद्ध हिल रिसॉर्ट शहर बटोटे में भी अच्छी बर्फबारी की सूचना मिली है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है। साथ ही तेज हवाएं, गरज-चमक और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

दिल्ली-NCR में बदला मौसम

दिल्ली-NCR में शुक्रवार सुबह तेज हवाएं चलीं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अलर्ट जारी करते हुए बताया कि दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

वैष्णो देवी और भद्रवाह में पहली बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में इस सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे त्रिकुटा पहाड़ियां पूरी तरह सफेद चादर से ढक गईं। वहीं, भद्रवाह घाटी में भी शुक्रवार सुबह मौसम की पहली बर्फबारी हुई। बर्फबारी के चलते सड़कों और गलियों पर बर्फ जम गई है और ठंड में काफी इजाफा हुआ है। प्रशासन ने लोगों से जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।

हेल्पलाइन नंबर जारी, प्रशासन अलर्ट

बर्फबारी को देखते हुए भद्रवाह पुलिस और जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। खासतौर पर ऊंचाई वाले इलाकों में जाने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। पटनीटॉप, नत्थाटॉप, सनासर और बटोटे जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी भारी बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे पर्यटन से जुड़े लोगों में खुशी देखी जा रही है।

श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित

लगातार हो रही बर्फबारी के कारण श्रीनगर हवाई अड्डे पर विमान संचालन प्रभावित हुआ है। कई फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया है। रनवे पर भारी बर्फ जमा होने और दृश्यता कम होने से उड़ानों में दिक्कत आ रही है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर जांच लें।

हिमाचल प्रदेश में भी बर्फ की चादर

हिमाचल प्रदेश में भी मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मनाली में करीब 2 इंच तक बर्फ जम गई है और पूरा शहर सफेद चादर में ढका नजर आ रहा है। हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल यातायात सुचारु रूप से जारी है, लेकिन बर्फबारी का दौर अभी थमा नहीं है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *