मैट्रिमोनियल साइट पर डॉक्टर बनकर फंसा रहा था महिला को, दुष्कर्म की कोशिश और ब्लैकमेल कर वसूले 4 लाख, आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

रायपुर। मैट्रिमोनियल साइट के जरिए शादी का झांसा देकर महिला को ठगने और ब्लैकमेल करने का एक गंभीर मामला रायपुर से सामने आया है। आरोपी ने खुद को डॉक्टर बताकर एक विधवा महिला से संपर्क किया, शादी का प्रस्ताव रखा और फिर होटल में बुलाकर दुष्कर्म की कोशिश की। इसके बाद निजी फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर महिला से करीब 4 लाख रुपये वसूल लिए।

इस मामले में पुरानी बस्ती थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह ने बताया कि पीड़िता ने 8 दिसंबर 2025 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी पहचान एक युवक से मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने खुद को डॉक्टर बताते हुए शादी का प्रस्ताव रखा और परिवार से मिलकर रिश्ता तय करने की बात कही थी, जिससे महिला उस पर भरोसा कर बैठी।

होटल में मिलने बुलाकर की दुष्कर्म की कोशिश

पीड़िता के अनुसार, आरोपी 7 जून 2025 को रायपुर आया और उसे एक होटल में मिलने के लिए बुलाया। होटल में बातचीत के दौरान आरोपी ने जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। महिला ने विरोध किया और किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकलने में सफल रही।

फोटो वायरल करने की धमकी देकर की ब्लैकमेलिंग

घटना के बाद आरोपी ने महिला को लगातार फोन कर उसके निजी फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। डर और बदनामी के भय के कारण महिला ने आरोपी को अलग-अलग किस्तों में कुल 4 लाख रुपये दे दिए। लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर अंततः पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुरानी बस्ती थाना में शिकायत दर्ज कराई।

दिल्ली से गिरफ्तार हुआ आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुरानी बस्ती पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। आरोपी के मोबाइल नंबर और कॉल डिटेल की तकनीकी जांच कर उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने दिल्ली-नोएडा के सेक्टर-113 क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया और कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मैट्रिमोनियल साइट या सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति पर जल्द भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को जानकारी दें। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *