‘भाजपा-NDA ही पूरा कर सकती है विकसित केरलम का सपना’, पीएम मोदी का UDF-LDF पर बड़ा हमला

नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल दौरे के बाद विपक्षी दलों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि केवल भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए ही ‘विकसित केरलम’ के विजन को साकार कर सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) और लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) को राज्य के विकास में कोई वास्तविक दिलचस्पी नहीं है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि तिरुवनंतपुरम का उनका दौरा यादगार रहा। इस दौरान उन्होंने तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों और एक पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, साथ ही कई अहम विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया।

तिरुवनंतपुरम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने नगर निगम चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को विकास और सुशासन के नए युग की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत LDF और UDF द्वारा दशकों से की जा रही उपेक्षा का अंत है।

प्रधानमंत्री ने दोनों पार्टियों पर भ्रष्टाचार, कुप्रबंधन और तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भले ही LDF और UDF अलग-अलग झंडों और प्रतीकों के साथ चुनाव लड़ते हों, लेकिन उनकी कार्यशैली और राजनीतिक एजेंडा लगभग एक जैसा है।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कई दशकों में तिरुवनंतपुरम को मूलभूत सुविधाओं और मजबूत आधारभूत ढांचे से वंचित रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि लेफ्ट और कांग्रेस सरकारें जनता की बुनियादी जरूरतें पूरी करने में लगातार असफल रहीं।

प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि भाजपा की टीम पहले ही विकसित तिरुवनंतपुरम की दिशा में काम शुरू कर चुकी है और राज्य के लोगों को जिस बदलाव का लंबे समय से इंतजार था, वह अब आने वाला है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *