गणतंत्र दिवस 2026: धमतरी में फाइनल रिहर्सल संपन्न, 14 प्लाटून की परेड; आत्मसमर्पित नक्सली भी हो सकते हैं शामिल

धमतरी:
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गणतंत्र दिवस 2026 को पूरे उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। शनिवार को जिला प्रशासन की ओर से गणतंत्र दिवस समारोह की अंतिम रिहर्सल आयोजित की गई, जिसमें परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंच संचालन और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अभ्यास किया गया।

रिहर्सल कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) गजेंद्र सिंह ठाकुर ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद सलामी, हर्ष फायर और अनुशासित मार्च-पास्ट का आयोजन हुआ। परेड में जिला पुलिस बल, नगर सैनिक, एनसीसी, स्काउट-गाइड सहित अन्य सुरक्षा बलों के जवानों ने हिस्सा लिया। जवानों की सटीक कदमताल और अनुशासन ने पूरे मैदान को देशभक्ति के माहौल से भर दिया।

इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह में कुल 14 प्लाटून शामिल होंगी। खास बात यह है कि प्रशासन की ओर से संकेत दिए गए हैं कि आत्मसमर्पित नक्सली भी परेड में शामिल हो सकते हैं, जो जिले में शांति, पुनर्वास और मुख्यधारा में लौटने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश देगा।

रिहर्सल के दौरान जिले के विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों से मैदान में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

इस मौके पर धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को भी बेहतर बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अंतिम रिहर्सल का उद्देश्य कार्यक्रम के हर पहलू को पूरी तरह व्यवस्थित, समयबद्ध और त्रुटिरहित बनाना रहा, ताकि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामय और भव्य रूप में संपन्न हो सके।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *