अंबिकापुर में खतरनाक स्टंट पर पुलिस की कार्रवाई, 8 गाड़ियां जब्त, ड्राइविंग लाइसेंस होंगे निरस्त

सरगुजा/अंबिकापुर।
अंबिकापुर शहर में सड़क पर खतरनाक स्टंट और हुड़दंग मचाने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। ट्रैफिक पुलिस ने अब तक 8 चार पहिया वाहनों को जब्त कर लिया है और इन वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस इस रैली में शामिल अन्य वाहनों और युवकों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।

यह पूरा मामला 23 जनवरी का है, जब शहर में आयोजित एक पॉलिटिकल प्रोग्राम के बाद दर्जनों युवक कारों के काफिले के साथ सड़कों पर उतरे और जमकर उत्पात मचाया। युवकों ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त सड़कों पर स्कार्पियो, इनोवा सहित अन्य वाहनों की खिड़कियों पर बैठकर स्टंट, तेज हूटिंग और लापरवाह ड्राइविंग की। इससे न सिर्फ यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई, बल्कि आम नागरिकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

📹 सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

युवकों की स्टंटबाजी का वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। खास बात यह रही कि यह घटना सड़क सुरक्षा माह के दौरान हुई, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हुए।

🚔 सीसीटीवी से हुई वाहनों की पहचान

घटना को एसएसपी और डीआईजी राजेश अग्रवाल ने गंभीरता से लिया और तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी के आदेश पर एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहनों की पहचान कर उनके नंबर निकाले और मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

⚠️ ड्राइविंग लाइसेंस होंगे निरस्त

पुलिस ने स्पष्ट किया कि जब्त किए गए वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे। इसके साथ ही आगे भी इस तरह की लापरवाही या स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

🚨 पुलिस की सख्त चेतावनी

सरगुजा पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन चलाने की अनुमति न दें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सड़क पर रील बनाने, स्टंट दिखाने या हुड़दंग करने वालों पर वाहन जब्ती, लाइसेंस निरस्तीकरण और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *