आंध्र प्रदेश में सनसनीखेज वारदात: पूर्व प्रेमी की पत्नी को HIV संक्रमित इंजेक्शन लगाने की साजिश, महिला समेत 4 गिरफ्तार

कुरनूल (आंध्र प्रदेश): आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला ने निजी रंजिश के चलते अपने पूर्व प्रेमी की पत्नी को HIV संक्रमित इंजेक्शन लगवा दिया। जिला पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला का कुरनूल के एक निजी मेडिकल कॉलेज में कार्यरत डॉक्टर से कई वर्षों तक प्रेम संबंध था, लेकिन बाद में दोनों के बीच रिश्ता टूट गया। इसके बाद डॉक्टर ने दूसरी महिला से शादी कर ली, जो स्वयं भी डॉक्टर हैं और वर्तमान में एक मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं।

पुलिस का कहना है कि एक्स-गर्लफ्रेंड इस शादी को स्वीकार नहीं कर पा रही थी और इसी कारण उसने दंपति को अलग करने की साजिश रची। योजना के तहत 9 जनवरी की दोपहर, जब पीड़िता महिला डॉक्टर ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थी, तब आरोपियों ने उसकी गाड़ी को जानबूझकर टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गई।

डीएसपी बाबू प्रसाद के मुताबिक, आरोपी मदद करने का नाटक करते हुए महिला को जबरन ऑटो-रिक्शा में बैठाकर ले गए और वहां उसे HIV संक्रमित इंजेक्शन लगा दिया गया।

घटना के बाद पीड़िता के पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने पुष्टि की है कि एक्स-गर्लफ्रेंड सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच जारी है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *